सोमवार, 7 जनवरी 2019

हनुमान की बेकली

देवलोक में भ्रष्टाचार फैल गया था। दिन रात हनुमान जी को लेकर ख़बरें प्रसारित हो रहीं थीं।देवों में स्वंय को लेकर खलबली मची हुई थी कि आज हनुमान निशाने पर हैं कल हमारी बारी न आ जाय। सभी देवता इधर उधर भागकर ब्रह्मा जी को खोज रहे थे । देवताओं के साथ नारद भी साथ हो लिए थे।कोई मामला हो और नारद साथ ना हों ऐसा भला इतिहास में कभी हुआ हैं और रास्ते भर वे आपस में बस मनुष्यों की बात करते चले  | कोई कहता कि मुझे कम पूजा जा रहा है तो कोई कहता कि मुझे ठंड में गर्म पानी से क्यों नहीं नहलाया जा रहा ? कोई कहता कि इस वर्ष काम नारियल चढ़ा।लेकिन इस सबका सारा दोष ब्रह्मा जी के सर मढ़ दिया जाता । कोई कहता उन्होंने ही इन मनुष्यों को ज्यादा बुद्धि दे दी। तभी इनकी अक्ल ठिकाने नहीं रहती।

बात करते-करते सभी देवता  ब्रह्मा जी के यहां पहुंचे तो द्वार पर द्वारपालों ने रोक लिया तो देवता चिल्लाने लगे लेकिन द्वारपालों ने आगे न बढ़ने दिया। कहा कि -अभी ब्रह्मा जी का मौन व्रत चल रहा है आप सभी एक सप्ताह बाद आकर मिलिए उससे पहले दिख न जायेगा नहीं तो जेल पहुँचा देंगे।  कुछ देवता भड़कते हुए बोले- सब बहाना है , सब चालाकी है हम ऐसे पीछा नहीं छोड़ने वाले। लेकिन सैनिकों के सामने उनका बस न चला तो सभी हारकर  शिव जी के पास पहुंचे। शिव गुस्से में लाल हुए पड़े थे। उनका डमरू डग-डग बज रहा था ,सर्प फुंकार रहा था,भभूति उड़ रही थी,चाँद काला पड़ा हुआ था और तपन से गंगा प्रवाहित होने को थी लेकिन कोई देवता उनके गुस्से का कारण न समझ पा रहा था सिर्फ आगे खड़े नारद व पीछे खड़े हनुमान ही उस गुस्से को समझ रहे थे लेकिन दोनों मौन ही  रहे और कुछ भी ना बोले । जब शिवजी का कोई  उत्तर प्राप्त ना हुआ तो उन्होंने मन ही मन हजारों गालियां दीं और  क्षीरसागर का रुख किया और सीधे विष्णु जी के पास पहुंचे । 

विष्णु अपने आनंद में लीन थे। उनके आनंद में खलल सिर्फ सुनामी के दौरान ही आयी थी बाकी छोटे -मोटे ज्वार भाटों की तो उनको लत हो ली थी । देवी-देवताओं  के पहुंचते ही उनकी चिंता को भांप लिया और बोले मैं आप सभी की चिंता समझता हूं लेकिन नारद कहां चुप रहने वाले थे बोल ही पड़े कि प्रभु !आप कुछ नहीं समझते हैं , यदि आप समझते तो इतने वर्षों से इन मनुष्य ने मेरे नाम को विशेषण के तौर पर ले रखा है और मेरा नाम हर जगह उपयोग में ले रहा है । आपको पूरी रकम देकर भी चौथा स्तम्भ बनकर बदनाम हूँ-चाहे किसी की शादी हो पैसे का काम हो या व्यापार हो । क्या यही करने के लिए ब्रह्मा ने इन मनुष्यों के लिए यह सृष्टि बनाई थी ? लेकिन मेरा दर्द तो मैं भूल जाऊँ लेकिन हनुमान भैया का दर्द। उनका दर्द मुझसे बर्दाश्त नहीं होता कभी वह भगवा कुर्ता धोती वाला दलित कहता है ,तो कोई मुसलमान कहता है ,तो कोई मंत्री क्षत्रिय कहता है ,तो कोई आदिवासी । प्रभु आप भी पाँव पर पाँव धरे बैठे हैं कुछ नहीं कहते ना कुछ करते । शिव क्रोध में हैं पता ना जाने कब खुलेगी उनकी तीसरी आंख और ब्रह्मा तो मौन व्रत का बहाना लिए बैठे हैं जाने कब टूटेगा उनका मौन व्रत । प्रभु हमारे भैया हनुमान को यह सब कहा जाएगा और हम सब हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे यह तनिक भी नहीं होगा ,बाकी सब भी जोरों से बोल पड़े नही होगा,नही होगा।

 इतने में इंद्र बोल पड़े कि प्रभु जाति धर्म के मामले तक तो ठीक था लेकिन सुना है कि कुछ लोग हमारे भैया को लाल सलाम(कम्युनिस्ट) वाले कहने लगे हैं और तर्क देते हैं कि- लाल लगोंटा, लाल सोटा और लाल पताका फिर कहते हैं जोर से बोलो लाल सलाम।  ऐसा हम हरगिज़ नहीं होने देंगे तभी हनुमान फफक- फफक कर रोने लगे और पीछे से आगे आकर वहीं जमीन पर बैठ गए रोते रोते लाल सिंदूर बहने लगा था। बोले प्रभु! धर्म,जाति और गुट तक का मामला तो मुझे बिल्कुल नहीं सताता  लेकिन पृथ्वी लोक का एक लेखक(हरिशंकर परसाई) है पृथ्वी उसने मुझे पहला स्मगलर कहा है । प्रभु ! वही मुझे सबसे ज्यादा खटकता है। वही सबसे प्राचीन साक्ष्य भी है और आप तो पृथ्वीलोक की स्थिति जानते ही हैं कि सब कुछ सबूतों के आधार पर होता है । न्याय की आँख पर काली पट्टी बंधी है और स्थितियाँ ऐसी हैं कि- लड़की को जलाकर उसके घर फोन कर दिया जाता है कि तुम्हारी लड़की को आग लगा रहा हूं और छोटी-छोटी बात पर सालो साल केस चलते हैं ।

यदि मेरे ऊपर स्मगलिंग का केस लग गया तो मैं जीते जी मर जाऊंगा ,किसी को मुंह नहीं दिखा पाउँगा । लेकिन प्रभु! दरअसल मेरी असल चिंता उससे भी कहीं बड़ी मेरे प्रभु राम जी को लेकर है। मुझे फांसी होनी है तो हो जाए लेकिन राम जी को कुछ ना होने दूंगा क्योंकि उन्हीं की आज्ञा से  मैंने संजीवनी बूटी को एक देश से दूसरे देश अप्लाई किया था और यह सारी मनुष्य जाति जान गयी है।  वे फसेंगे तो लक्ष्मण भी फसेंगे और रामराज्य भी फसेगा। मुझे आप फ़ौरन इस दुविधा से निकालने का प्रबंध करें।जो फीस होगी मैं भरने को तैयार हूँ। विष्णु जी ने आश्वासन दिया चिंता ना करें शिव जी और ब्रह्मा जी को लेकर हम समिति का गठन करेंगए जो आप को इस समस्या से निकालने का कार्य करेंगे ।अभी आप निश्चिंत होकर जाएं ।बस फीस का ध्यान रखना। 

तभी सभी देवियाँ एक सुर में बोल पड़ी प्रभु! हमारे पतियों (इंद्र ,वरुण) आदि की रक्षा करें हनुमान का क्या है रडुआ हैं इनका कोई नहीं इस दुनिया में ,इन्हें कुछ होगा भी तो रोने वाला कोई नहीं लेकिन हमारे पतियों की बदनामी से हमारी नाक कट जाएगी पृथ्वी लोक पर कैसे मुंह दिखा पाएंगे ।विष्णु जी ने यह बात सुनी तो बड़े चिंतित हुए बोले- हां  हाँ इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा, बस खर्च ज्यादा लगेगा। देवियों ने कहा- चाहे जितना खर्च हो जाये।बस सृष्टि के मनुष्यों को सचेत कर दीजिये ।आश्वासन पाकर सभी देवी देवताओं ने अपने घरों का रास्ता लिया। लेकिन हनुमान वहीं रुके गए । बोले प्रभु! मेरा फैसला होगा कि मैं कौन हूं  ,किस जाति का हूँ,किस धर्म का हूँ ,किस गुट का हूँ।तभी मैं यहां से कहीं जाऊंगा नहीं तो यही सिर पटक-पटक कर जान गवाँ दूंगा और आपको भी ले कर मरूँगा।यह सुन विष्णु सन्न रह गए बोले यह बड़ी बला पड़ी लेकिन वे हर एक परिस्थिति से निकलने में माहिर हैं चाहे स्त्री का रूप रखना पड़े चाहे हरिण्यकश्यप बनना पड़े। हनुमान जी के कान में चुपके से बोले- घबराओ नहीं अभी चुनाव आ रहा है,  दिल पर पत्थर रख लो। किसी और को फँसाया जाएगा बस पैसे का पूरा प्रबंध रखना न भूलना।अभी फिर से ब्रह्मा से कहकर कोई और मुद्दा छुड़वाने का प्रबंध करते हैं, क्योंकि आजकल पृथ्वी लोक के कर्ता-धर्ता विष्णु के मन की बहुत सुनते हैं और उन्हीं के इशारों से पृथ्वी लोक की स्थितियाँ संचालित हैं।

 धन्यवाद।

  सुनील चौधरी 

अ०मु०वि०

८०७७०९०९२३

Sunilsamay12@gmail.com



5 टिप्‍पणियां:

  1. प्रिय अनुज क्षमा करना......मुझे ऐसा प्रतीत होता है इससे किसी भी धर्म विशेष की आस्था का हनन हो सकता है......अगर हो सके तो नाम बदल दीजिये.......मेहरवानी होगी....??

    जवाब देंहटाएं
  2. लेकिन भाई ,जो भी घटित हुआ पिछले दिनों तब तो भावनाएं आहत नहीं हुईं। मैंने तो सिर्फ तथ्योँ को एक सूत्र में पिरोकर पेश किया है अब यदि कोई आहत होता है तो हो। नेता लोग कुछ भी बोलें कहें तो सब सच हमारे लिखने भर से भावनाएं आहत ।

    जवाब देंहटाएं
  3. प्रिय मित्र सुनील आपने बहुत ही उचित व्यंग किया है समाज की उस सच्चाई पर जिसे हम अपनी दिनचर्या में देख रहे हैं हेरानी की बात तो ये है कुछ लोग सिर्फ अपनी गंदी राजनीती को चमकाने के लिए भगवान को भी नही छोड रहे।ये आपका व्यंग उन सभी के मुंह पर कलम के द्वारा बड़ा तमाचा है और में आपके इस विचार से सहमत हूं
    धन्यवाद
    मनु शर्मा

    जवाब देंहटाएं